June 6, 2026

संत नगर में 5 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास, सड़कों से लेकर सीवर-पानी तक सुधरेंगी सुविधाएं

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के संत नगर क्षेत्र में विकास को बढ़ावा देने के लिए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने करीब 5 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास किया। ये कार्य वार्ड-31 और वार्ड-14 में किए जाएंगे।

इस मौके पर मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के सिद्धांत पर काम कर रही है और हर क्षेत्र में समान रूप से विकास कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संत नगर में शुरू हो रहे ये काम लोगों की मूलभूत समस्याओं का स्थायी समाधान करेंगे।

इन परियोजनाओं के तहत इलाके में नई आरएमसी सड़कें बनाई जाएंगी, सीवर लाइन और पानी की नई पाइपलाइन डाली जाएगी। इसके अलावा आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, 50 सोलर लाइट्स और 5 नए ट्यूबवेल भी लगाए जाएंगे। इन कामों के पूरा होने के बाद जलभराव, खराब सड़कें और पानी की कमी जैसी समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी।

मंत्री ने कहा कि उनका मकसद सिर्फ राजनीति करना नहीं बल्कि लोगों की सेवा करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सभी काम तय समय में और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि संत नगर को एक साफ-सुथरा और आधुनिक क्षेत्र बनाया जाएगा, जो भविष्य में फरीदाबाद की पहचान बनेगा।

कार्यक्रम में मेयर परवीन बत्रा जोशी, पार्षद शैफाली सिंगला सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। लोगों ने इन विकास कार्यों के लिए मंत्री का आभार जताया।