Faridabad/Alive news: फरीदाबाद एनआईटी-86 से पूर्व विधायक नीरज शर्मा ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के मामलों में पक्षपात करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की “जीरो टॉलरेंस” नीति सिर्फ दिखावा है और असल में अपने नेताओं को बचाने का काम किया जा रहा है।
नीरज शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से कई सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि पंचकूला नगर निगम के कोटक महिंद्रा बैंक घोटाले में सरकार पीछे क्यों हट रही है, जबकि दूसरे मामलों में सीबीआई जांच कराई जा रही है। उनका आरोप है कि इस मामले में भाजपा के कई नेता जुड़े हो सकते हैं, इसलिए जांच से बचा जा रहा है।
उन्होंने सन्नी गर्ग के मामले में भी सवाल उठाए और पूछा कि उस पर अब तक सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि इस मामले की भी सीबीआई जांच कराई जाए। इसके अलावा, उन्होंने पंचकूला में प्लॉट आवंटन घोटाले का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इस मामले की सीबीआई जांच की बात कही गई थी, लेकिन बाद में इसे विजिलेंस को सौंप दिया गया और अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
नीरज शर्मा ने तीन बड़े मामले कोटक महिंद्रा बैंक घोटाला, फरीदाबाद नगर निगम का 200 करोड़ का घोटाला और पंचकूला प्लॉट आवंटन घोटाला की निष्पक्ष सीबीआई जांच की मांग की है।
उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष पर कार्रवाई करने में तो एजेंसियों का इस्तेमाल करती है, लेकिन अपने लोगों के खिलाफ जांच से बचती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इन मामलों में पारदर्शी जांच नहीं हुई, तो वे जनता के बीच जाकर इस मुद्दे को उठाएंगे और कानूनी लड़ाई को तेज करेंगे।

