April 28, 2024

विजिलेंस अधिकारी को रिश्वत देते पूर्व मंत्री रंगे हाथों गिरफ्तार

Chandigarh/Alive News : विजिलेंस अधिकारी को 50 लाख रूपये की रिश्वत देने के आरोप में पूर्व मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। उन्हें देर रात जीरकपुर से पकड़ा गया। उनके खिलाफ अधिकारी को रिश्वत देने के आरोप में केस दर्ज किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस ब्यूरो की ओर से अरोड़ा के साथ उनके पीए मनी को भी गिरफ्तार किया गया है। विजिलेंस प्रमुख ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूरे मामले का खुलासा किया। अरोड़ा को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उनकी तीन दिन की रिमांड मिली है।।

वहीं, विजिलेंस ब्यूरो कुछ समय से पूर्व मंत्री के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति समेत तीन मामलों की जांच कर रही थी। विजिलेंस की टीम उन्हें दो बार पूछताछ के लिए बुला चुकी थी। इसी बीच जब मंत्री को लगा कि वह केस में जेल जा सकते हैं तो उन्होंने मामले की जांच कर रहे एआईजी मनमोहन सिंह को ही रिश्वत देने की योजना बना डाली।

इसके अलावा उन्होंने अधिकारी को एक करोड़ पर रिश्वत देने का ऑफर दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि वे उनके घर पैसे लेकर आएंगे। इसी बीच अधिकारी ने यह बात अपने सीनियर अधिकारियों को बताई और मामला तुरंत मुख्यमंत्री के ध्यान में लाया गया। इसके बाद ट्रैप लगाकर आरोपी को गिरफ्तार करने की योजना बनाई गई।

सबसे पहले पूर्व मंत्री को जीरकपुर स्थित कॉस्मो माल के पास बुलाया गया। जहां पर वह पचास लाख रुपये लेकर पहुंचे। दौरान दो सरकारी गवाह भी बनाए गए। साथ ही केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। विजिलेंस का कहना है कि वह सोच भी नहीं सकते थे कि आरोपी इस तरह का काम करेंगे।