April 20, 2024

भंवरी देवी हत्याकांड के मुख्य आरोपी रहे पूर्व मंत्री व कांग्रेसी नेता महिपाल मदेरणा का जोधपुर में हुआ निधन

Jaipur/Alive News : राजस्थान के पूर्व मंत्री व कांग्रेसी नेता महिपाल मदेरणा का जोधपुर में रविवार को निधन हो गया। वे लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थे। 69 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस ली। पूर्व मंत्री महिपाल मदेरणा के परिवार में जोधपुर से जिला प्रमुख उनकी पत्नी लीला मदेरणा व दो बेटियां हैं। एक बेटी दिव्या ओसियां से विधायक हैं। इसी सीट से महिपाल मदेरणा भी दो बार विधायक रह चुके हैं, इससे पहले वे 19 साल तक जोधपुर से जिला प्रमुख रह चुके थे। मदेरणा का शव सुबह 10 बजे उनके पैतृक गांव चाडी लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार होगा। 

मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सहित अन्य नेताओं ने मदेरणा के निधन पर शोक जताया है। गहलोत ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रहे महिपाल मदेरणा के निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि शोकाकुल परिवारजनों को यह आघात सहने की शक्ति दें तथा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें।

बता दें, कि महिपाल मदेरणा चर्चित भंवरी देवी कांड के मुख्य आरोपी भी थे। जिसके बाद से उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था। इस मामले में वे दस साल तक जेल में रहे और हाईकोर्ट से उन्हें जमानत मिली थी। महिलाल मदेरणा को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का धुर विरोधी भी माना जाता था।