Faridabad/Alive News : नगर निगम फरीदाबाद ने शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। निगम स्वास्थ्य विभाग द्वारा निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के दिशा-निर्देशों पर आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ये नंबर सक्रिय किए गए हैं। नागरिक इन नंबरों पर ABC (Animal Birth Control) तथा कुत्तों से जुड़ी किसी भी समस्या के संबंध में शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
नगर निगम द्वारा जारी हेल्पलाइन नंबर 0129-2411649, 0129-2411664 और 0129-2415449 है। इसके अतिरिक्त, निगम के अधिकृत वेंडर द्वारा भी एक अलग 91 76890 44463 नंबर भी जारी किया है।
स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम डॉ. नीतीश परवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आवारा कुत्तों से संबंधित किसी भी प्रकार की समस्या होने पर नागरिक उपरोक्त नंबरों पर तुरंत कॉल करें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य है कि लोगों को आवारा कुत्तों के कारण होने वाली किसी भी असुविधा से राहत दिलाई जा सके।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि समस्या को नजरअंदाज करने के बजाय तुरंत सूचना दें, जिससे शहर में सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था और मजबूत हो सके।

