March 7, 2026

फरीदाबाद पहुंचे खाद्य मंत्री राजेश नागर, बोले—सनातन धर्म को आगे बढ़ा रही है बीजेपी

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार के खाद्य मंत्री राजेश नागर फरीदाबाद के तिगांव विधानसभा क्षेत्र के गांव पलवली पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। गांव के लोगों ने फूल-मालाओं से मंत्री का जोरदार अभिनंदन किया। कार्यक्रम से पहले मंत्री राजेश नागर ने मंदिर में पहुंचकर भगवान की मूर्ति पर पुष्प अर्पित किए और आशीर्वाद लिया।

अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए खाद्य मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी देश की एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सनातन धर्म को आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म से जुड़े प्रमुख तीर्थ स्थलों को बड़े हाईवे और आधुनिक सड़कों से जोड़ा जा रहा है। इससे श्रद्धालुओं को यात्रा में सुविधा मिल रही है।

राजेश नागर ने बताया कि केदारनाथ, बद्रीनाथ और उज्जैन के महाकाल मंदिर जैसे बड़े तीर्थ स्थलों तक बेहतर सड़कें बनाई जा रही हैं। इन विकास कार्यों से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है और स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर भी मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने हमेशा संतों और धार्मिक स्थलों को सम्मान दिया है।

मंत्री ने कहा कि गांवों का विकास करना उनकी पहली जिम्मेदारी है। पलवली गांव में जो विकास कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें जल्द पूरा कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर लगातार जनहित में काम कर रही हैं, इसी वजह से जनता ने वर्ष 2024 के चुनाव में दोबारा बीजेपी को मौका दिया।

उन्होंने पुरानी सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले जिन विकास कार्यों को नजरअंदाज किया गया था, उन्हें अब मौजूदा सरकार पूरा कर रही है। मंत्री ने कहा कि बीजेपी की नीतियों में आम जनता का हित सबसे ऊपर है और आगे भी विकास की रफ्तार जारी रहेगी।