Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के बडखल झील चौक स्थित ग्रीन बेल्ट पर लंबे समय से किए गए अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ FMDA ने सख्त कदम उठाया। गुरुवार को FMDA की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और ग्रीन बेल्ट से अवैध खोखे, रेहड़ी-पटरी और अन्य सामान हटाकर इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया।
FMDA के एक्सईएन देवेंद्र भड़ाना ने बताया कि ग्रीन बेल्ट पर लोग बिल्डिंग मटेरियल, भूसा, अस्थायी खोखे और रेहड़ी-पटरी लगाकर अवैध कब्जा कर रहे थे, जिससे ग्रीन बेल्ट का स्वरूप बिगड़ गया था।
उन्होंने बताया कि विभाग की ओर से अतिक्रमणकारियों को करीब 15 बार लिखित और मौखिक नोटिस दिए गए और खुद से कब्जा हटाने के लिए समझाया भी गया, लेकिन किसी ने भी निर्देशों का पालन नहीं किया।
बार-बार अनदेखी के बाद FMDA को मजबूरन पुलिस बल और विभागीय कर्मचारियों की मौजूदगी में कार्रवाई करनी पड़ी। इस दौरान ग्रीन बेल्ट से सारा अवैध सामान हटाकर कब्जा पूरी तरह खत्म कर दिया गया।
FMDA अधिकारियों के अनुसार, ग्रीन बेल्ट पर अतिक्रमण से पर्यावरण को नुकसान हो रहा था और इलाके की सुंदरता भी प्रभावित हो रही थी। यह कार्रवाई स्मार्ट सिटी फरीदाबाद को बेहतर और स्वच्छ बनाने की दिशा में की गई है।
विभाग ने साफ किया है कि आगे किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जल्द ही ग्रीन बेल्ट में पौधारोपण कर इसे फिर से हरा-भरा बनाया जाएगा, ताकि लोगों को साफ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

