Faridabad/Alive News: जिला रेडक्रॉस सोसाइटी फरीदाबाद द्वारा शिक्षा विभाग के सहयोग से पांच दिवसीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गई। यह शिविर 11 से 15 नवंबर 2025 तक राजकीय बालिका वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी-3 फरीदाबाद में आयोजित किया जा रहा है। इसमें 20 विद्यालयों के 100 विद्यार्थी और 20 जूनियर रेडक्रॉस काउंसलर भाग ले रहे हैं।
शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी अंशु सिंगला ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और रेडक्रॉस संस्थापक सर जीन हेनरी ड्यूना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। उन्होंने कहा कि देश का भविष्य उसके विद्यार्थियों पर निर्भर करता है, और जागरूक व अनुशासित छात्र ही देश को प्रगति की राह पर ले जा सकते हैं। उन्होंने रेडक्रॉस संगठन की मानवता, निष्पक्षता और स्वैच्छिक सेवा की भावना की सराहना की।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि स्कूल प्रिंसिपल रजनी ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि उन्हें बुरी आदतों से दूर रहकर अनुशासित जीवन जीना चाहिए और समाज की भलाई के कार्यों में आगे रहना चाहिए।
पुरषोत्तम सैनी, उप अधीक्षक जिला रेडक्रॉस सोसाइटी, ने अतिथियों का स्वागत किया और रेडक्रॉस के इतिहास की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस की स्थापना 1863 में सर जॉन हेनरी ड्यूनैंट ने की थी, जिन्हें 1901 में पहला नोबेल शांति पुरस्कार मिला था।
इशांक कौशिक, जिला प्रशिक्षण अधिकारी और शिविर निदेशक, ने छात्रों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ पर्यावरण जरूरी है और हर नागरिक का कर्तव्य है कि वह प्रकृति की रक्षा करे।
एम.सी. धीमान, प्राथमिक चिकित्सा प्रवक्ता, ने रेडक्रॉस द्वारा किए जा रहे मानव सेवा कार्यों की जानकारी दी और छात्रों को स्वयंसेवक के रूप में रेडक्रॉस से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर दर्शन भाटिया, अरविंद शर्मा, मनदीप, मनमोहन शर्मा, सेवादार युवराज और विद्यालय स्टाफ ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग दिया।

