March 8, 2026

बहू के शव को गड्ढे में दफनाने के कांड में ससुर को किया गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: बहू की हत्या कर उसके शव को गड्ढे में दफनाने के कांड में ससुर को पुलिस ने गिरफ्तार  किया । पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए 2 दिन के रिमांड पर लिया  है।

राजेश कुमार, एसीपी सराय ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना पल्ला की टीम को ससुराल पक्ष पर महिला की हत्या कर जमीन में दबाने बारे संदेह हुआ, जिसके तहत 20 जून को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मकान के सामने बने गड्ढा की खुदाई कराई गई, जहां से तन्नु की लाश बरामद हुई।

पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के ससुर भूप सिंह (54) वासी रोशन नगर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की जांच में सामने आया कि जून 2023 में अरुण सिंह व तन्नु की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही घर में अनबन चलती रहती थी।  21 अप्रैल की रात को आरोपी के घर पर उसकी बेटी व तन्नू थी। पत्नी एक शादी के कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश गई हुई थी तथा बेटा अरुण सिंह रात को ड्यूटी पर गया हुआ था। उसकी बेटी खाना खाकर ग्राउंड फ्लोर पर अपने कमरे में सो गई थी तथा तन्नु भी प्रथम तल पर सोने के लिए चली गई थी। उसी रात आरोपी तन्नु के कमरे में गया, जहां पर उसने चुन्नी से तन्नू का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को मकान से सामने पहले से बने गड्ढे (सोखता) में डाल दिया और उसके शव को मिट्टी से दबा दिया ताकि किसी को दिखाई ना दे और फिर अगली सुबह उसने राजमिस्त्री को बुलाकर उस गड्ढे को पक्का करवा दिया।

उन्होंने आगे बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है, जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके अनुरूप कार्रवाई की जायेगी।