September 30, 2024

हरियाणा के किसान प्राकृतिक खेती में ले रहे रुचि, 2994 किसानों ने कराया पंजीकरण

Chandigarh/Alive News : सरकार द्वारा शुरू किए गए प्राकृतिक खेती पोर्टल पर अब तक 2994 किसानों ने पंजीकरण कर प्राकृतिक खेती में अपनी रुचि दिखाई है। प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए हरियाणा सरकार चार ड्रम खरीदने पर तीन हजार रुपये, देसी गाय की खरीद के लिए 25 हजार रुपये की सहायता प्रदान कर रही है। सरकार द्वारा प्राकृतिक खेती उत्पाद की ब्रांडिंग व पैकेजिंग पर प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान भी किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार सीएम मनोहर लाल इसको लेकर गंभीर हैं। प्राकृतिक खेती पर गुरुकुल, कुरुक्षेत्र में तीन दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया था, जिसमें प्राकृतिक खेती के मॉडल पर गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने विशेष तौर पर शिरकत की थी।

हर खेत-स्वस्थ खेत अभियान के तहत 31 अगस्त 2022 तक 28,95,399 मृदा के सैंपल एकत्रित किए जा चुके हैं, जिनके विश्लेषण का कार्य तेजी गति से किया जा रहा है। आगामी वर्षों में राज्य के प्रत्येक एकड़ के मृदा के सैंपल एकत्रित करके सभी किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड दिए जाएंगे। इसके अलावा, केंद्र सरकार की मृदा स्वास्थ कार्ड योजना के तहत हरियाणा में 86 लाख मृदा स्वास्थ कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।