May 17, 2024

महापंचायत को लेकर मुजफ्फरनगर पहुंचे हजारों किसान, कई बॉर्डरों को रखा हाई अलर्ट पर

New Delhi/Alive News : मुजफ्फरनगर में होने वाली महापंचायत को लेकर किसानों का आना शुरू हो गया है। वहीं प्रशासन ने जिले के बॉर्डर को हाई अलर्ट पर रखा है। सुबह से ही किसान महापंचायत के लिए पहुंचने शुरू हो गए हैं। साथ ही भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत समेत अनेक खापों के चौधरी पंचायत स्थल पर पहुंच चुके हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि शाम तक भारी संख्या में किसान महापंचायत में शामिल होंगे।

उधर, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए हैं। लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। हरियाणा के हिसार जनपद गांव पावड़ा के ग्रामीण महात्मा गांधी, सुभाष चंद्र बोस, चंद्रशेखर आजाद और सरदार भगत सिंह बन कर किसान महापंचायत में पहुंचे हैं। लोग इन किसानों के साथ सेल्फी लेने के लिए उत्साहित दिखे।

मिली जानकारी के अनुसार मुजफ्फरनगर के जीआईसी मैदान से संयुक्त मोर्चा की होने वाली महापंचायत इतिहास लिखने को बेताब है। इस मैदान की खासियत रही है कि जब जब यहां सत्ताधारी पार्टी के विरोध में पंचायत का आयोजन हुआ है तो सत्ताधारी पार्टी आगामी चुनाव में मुंह की खानी पड़ी है। उत्तर प्रदेश के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, गुड़गांव अन्य राज्यों से भी किसान भारी संख्या में महापंचायत में पहुंच रहे हैं। 

हाईवे पर दूर-दूर तक ट्रैक्टर ट्रॉली का काफिला दिखाई दे रहा है। इस दौरान हाइवे पर जाम की स्थिति भी बनी हुई है। जिस कारण अन्य वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। किसान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़ रहे हैं। वहीं किसान जिंदाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं।