March 7, 2026

कृषि योजनाओं का लाभ लेने के लिए किसानों को एग्री स्टैक पोर्टल से जुड़ना जरूरी: डीसी

Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार द्वारा किसान हित में शुरू किए गए एग्री स्टैक पोर्टल पर किसानों की यूनिक आईडी बनाने के लिए जिला प्रशासन ने गांव-गांव विशेष कैंप आयोजित किए हैं। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि 18 दिसंबर 2025 से लागू इस पोर्टल के माध्यम से किसानों की भूमि से जुड़े रिकॉर्ड ऑनलाइन उपलब्ध होंगे और उन्हें कृषि से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।

डीसी ने बताया कि प्रत्येक गांव में लगाए जा रहे कैंपों में राजस्व विभाग से पटवारी, कृषि विभाग का अधिकारी और कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात किया गया है। किसान आधार कार्ड, आधार से लिंक मोबाइल नंबर और जमीन की फर्द साथ लाकर एग्री स्टैक पोर्टल पर अपनी आईडी बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आईडी नहीं बनवाने वाले किसान भविष्य में पीएम किसान सम्मान निधि, कृषि यंत्रों पर अनुदान, खाद सब्सिडी सहित अन्य योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।

डीसी ने बताया कि 4 जनवरी 2026 को भी जिले की विभिन्न तहसीलों के अंतर्गत गांवों में एग्री स्टैक पोर्टल पर आईडी बनाने के लिए कैंप लगाए जाएंगे। इनमें फरीदाबाद, तिगांव, बड़खल, धौज, गौंछी, बल्लभगढ़, दयालपुर और मोहना तहसीलों के कई गांव शामिल हैं।