April 28, 2024

अंबाला में सीएम के आने की सूचना मिलते ही काले झंडे लेकर पहुंचे किसान, रेवाड़ी में कार्यकारिणी की बैठक शुरू

Chandigarh/Alive News: अंबाला के साहा नंदलाल गीता विद्या मंदिर में भाजपा की नवनियुक्त कार्यकारिणी की बैठक से पहले किसानों में जमकर विरोध किया। किसानों को सूचना मिली थी कि सीएम को यहां आना है। इसीलिए किसान सुबह नौ बजे ही काले झंडे लेकर पहुंच गए। किसानों ने सारे रास्ते जाम कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

मिली जानकारी के अनुसार भारी पुलिसबल मौके मौजूद रही। जिले के सभी डीएसपी ने मौके पर कमान भी संभाल ली थी। हालांकि सीएम का कोई कार्यक्रम नहीं था। बैठक में गृहमंत्री अनिल विज, सांसद रतनलाल कटारिया को जरूर आना था। लेकिन विज तबीयत खराब होने के कारण नहीं पहुंचे। सांसद रतनलाल कटारिया भी नहीं आये।

हालांकि यमुनानगर के विधायक घनश्यामदास अरोड़ा, राजेश बत्रा, अरुण, प्रदीप खेड़ा, अमरनाथ अग्रवाल पहुंच गए थे। अभी बैठक होगी या नहीं इस पर अंतिम निर्णय नहीं हो पाया। रेवाड़ी में रविवार को होने वाली कार्यकारिणी की बैठक शुरू हो गई है। कार्यकारिणी की बैठक में खेल मंत्री संदीप सिंह सहित प्रदेश पदाधिकारी भी पहुंचे हैं।

जिला कार्यकारिणी को प्रदेश अध्यक्ष ओपी धनखड़ संबोधित करेंगे लेकिन अभी तक नहीं पहुंच पाए हैं। सुबह 11:00 बजे शुरू हुई प्रदेश कार्यकारिणी में अधिकतर पदाधिकारियों ने मास्क वितरण व कर्मचारियों को लेकर अपनी उपलब्धियां गिनाई। लेकिन बड़ी बात यह है कि कार्यकारिणी की बैठक के दौरान किसी भी कार्यकर्ता के चेहरे पर मास्क नहीं दिखाई दिया।