April 28, 2024

मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विशाल की रिहाई के लिए विदेश मंत्रालय को लिखा पत्र

Chandigarh/Alive News: हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने विदेश एवं संस्कृति राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी को कुरुक्षेत्र के युवक विशाल जूड की रिहाई के लिए पत्र लिखा है। पत्र में उन्होंने हरियाणा के बेटे को आस्ट्रेलिया में न्याय दिलाने केलिए हस्तक्षेप करने की मांग की है। विशाल सिडनी में एक हमले में शामिल होने के आरोप में अप्रैल 2021 से आस्ट्रेलिया की जेल में बंद है।

मुख्यमंत्री ने लेखी से उच्च प्राथमिकता के साथ इस मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया है। उन्होंने पत्र में लिखा है कि विशाल के परिवार सहित विभिन्न हलकों से आवेदन प्राप्त हुए हैं। उनमें बताया गया है कि विशाल का एक समूह के साथ आस्ट्रेलिया में झगड़ा हो गया था। समूह भारत विरोधी नारे लगा रहा था। समूह के सदस्य भारतीय राष्ट्रीय ध्वज का अपमान भी कर रहे थे। समूह ने ही विशाल को झूठे आरोप में फंसाया है।

मुख्यमंत्री ने कहा है कि उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में प्रवासी भारतीयों के कुछ प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल बैठक भी की है। ये विशाल का समर्थन कर रहे हैं और उसे जल्द से जल्द जेल से रिहा करने के लिए एक अभियान शुरू किया है। विशाल के समर्थन में हरियाणा और उत्तर भारत के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन हो रहे हैं। जनभावना है कि उसकी जल्द रिहाई होनी चाहिए।