Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने चोरी की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 और DLF की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से एक चोरी की मोटरसाइकिल और 1,280 रुपये नकद बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने थाना बल्लभगढ़ क्षेत्र में दुकान से नकदी चोरी के मामले में सलमुद्दीन उर्फ चिमा निवासी गांव सोफता, पलवल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की रकम में से 1,280 रुपये बरामद किए गए हैं।
वहीं, क्राइम ब्रांच DLF की टीम ने थाना सारन क्षेत्र में दर्ज वाहन चोरी के मामले में अहसान उर्फ रेटू निवासी गांव धौज, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीमों द्वारा दर्ज मामलों की जांच कर चोरी का सामान बरामद करने के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है।

