Faridabad/Alive News: फरीदाबाद की डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए करीब 835.73 करोड़ रुपये की परियोजना का टेंडर फाइनल कर दिया गया है। इस परियोजना के तहत शहर के ईस्ट और वेस्ट जोन में घर-घर से कूड़ा उठाने और उसे निर्धारित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाएगा।
परियोजना की अवधि 5 वर्ष होगी। अनुबंध की शर्तों के अनुसार इसे अधिकतम 2 साल तक बढ़ाया जा सकता है। परियोजना के तहत दोनों जोन में कुल 712 हल्के वाणिज्यिक वाहन/टिपर और 195 ई-रिक्शा लगाए जाएंगे। इसके अलावा कचरे के बेहतर प्रबंधन के लिए 7 कचरा स्थानांतरण केंद्र विकसित किए जाएंगे। इन केंद्रों पर स्थिर कचरा संपीड़क की सुविधा होगी।
कचरे के परिवहन के लिए हुक लोडर, कचरा कंटेनर और कचरा संपीड़क वाहन समेत अन्य जरूरी संसाधनों की भी व्यवस्था की जाएगी। इसका उद्देश्य घरों से नियमित रूप से कूड़ा उठाना और उसे व्यवस्थित तरीके से प्रोसेसिंग साइट तक पहुंचाना है।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि परियोजना से शहर में कूड़ा संग्रहण और परिवहन व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित किया जा सकेगा। इससे सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी।
परियोजना में कूड़े के संग्रहण से लेकर उसके परिवहन और प्रोसेसिंग साइट तक पहुंचाने की पूरी व्यवस्था को शामिल किया गया है। इससे फरीदाबाद की वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को आने वाले वर्षों के लिए अधिक प्रभावी बनाने का लक्ष्य है।

