August 22, 2026

फरीदाबाद में वाहन चोर गिरफ्तार, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद; घर में चोरी का भी खुलासा

फरीदाबाद क्राइम ब्रांच द्वारा बरामद चोरी की मोटरसाइकिल

Faridabad/Alive News: वाहन चोरी की वारदातों पर रोक लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने थाना डबुआ क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। उसे अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति ने थाना डबुआ में शिकायत दी थी कि उसने 8 जून 2026 को अपनी मोटरसाइकिल डबुआ मंडी के गेट के पास खड़ी की थी। कुछ समय बाद लौटने पर मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने कन्हैया निवासी राजीव कॉलोनी, फरीदाबाद को सेक्टर-17 पुल के पास चोरी की मोटरसाइकिल सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह ऑटो चलाता है और 8 जून को मोटरसाइकिल का लॉक तोड़कर उसे चोरी किया था।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी ने राजीव कॉलोनी क्षेत्र में एक घर में चोरी की वारदात के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस अब इस मामले में आरोपी को प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी, ताकि चोरी की वारदात और अन्य संभावित मामलों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।