Faridabad/Alive News: थाना कोतवाली क्षेत्र में फरवरी 2025 में भोजनालय संचालक पर फायरिंग के मामले में अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुभाष कुमार निवासी गांव जैत, मथुरा, हाल नंगला एन्क्लेव पार्ट-2, फरीदाबाद के रूप में हुई है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इस मामले में NIT फरीदाबाद निवासी राकेश भाटिया ने थाना कोतवाली में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता द मॉल ऑफ फरीदाबाद के सामने भोजनालय चलाता है। आरोप के मुताबिक, 6 फरवरी 2025 की सुबह करीब 6 बजे काले रंग की स्कॉर्पियो में चार युवक उसके भोजनालय पर पहुंचे थे।
बताया गया कि इनमें से एक युवक ने सामान खरीदा और Paytm से भुगतान किया। इसके बाद गाड़ी में सवार दो युवक कैश काउंटर पर पहुंचे और पैसों को लेकर भोजनालय संचालक से बहस करने लगे। इसी दौरान एक युवक ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर उस पर गोली चला दी। फायरिंग के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने सुभाष कुमार को गिरफ्तार किया।
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार, वारदात के समय सुभाष कुमार रंकित के साथ कैश काउंटर पर आया था। वहां भोजनालय संचालक के साथ उनकी बहस हुई। पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान सुभाष ने रंकित को गोली चलाने के लिए कहा था। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में रंकित और लव को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले में आगे की जांच जारी है।

