Faridabad/Alive News: फरीदाबाद जिले के गांव गोंछी स्थित जीवन नगर में पानी की टोंटी को लेकर दो पड़ोसी परिवारों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक व्यक्ति के सिर में और एक महिला के हाथ में चोट आई है। दोनों घायल एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
घायल व्यक्ति राजेन्द्र ने बताया कि उनकी गली से सरकारी जलापूर्ति की पाइपलाइन गुजरती है और उनके घर के पास पानी का कनेक्शन लगा हुआ है। इसी कनेक्शन पर लगी टोंटी किसी अज्ञात व्यक्ति ने तोड़ दी थी। इसी बात को लेकर सामने रहने वाले पड़ोसियों ने राजेन्द्र पर टोंटी तोड़ने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।
राजेन्द्र का कहना है कि जब उन्होंने गालियों का विरोध किया, तो अनिल और उसके भाई सुनील ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान दोनों की पत्नियां भी बाहर आ गईं और मारपीट में शामिल हो गईं।
मारपीट में राजेन्द्र के सिर में चोट लगी, जबकि उनकी पत्नी के हाथ में चोट आई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे अपने खर्चे पर नई टोंटी लगवाने को भी तैयार थे, इसके बावजूद उनके साथ मारपीट की गई।
वहीं इस मामले में संजय कॉलोनी थाना क्षेत्र के थाना प्रभारी कैलाश ने बताया कि अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

