August 6, 2026

फरीदाबाद में बेकाबू ट्रक ने 10 गायों को कुचला, 6 की मौत; गुस्साए लोगों ने ट्रक में लगाई आग

फरीदाबाद के सेक्टर-18 में हादसे के बाद जला हुआ ट्रक और मौके पर मौजूद पुलिस।

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-18 ओल्ड रोड पर बुधवार रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे बैठी करीब 10 गायों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में छह गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं।

हादसे के बाद सड़क पर तड़पती गायों को देखकर स्थानीय लोगों और गौसेवकों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने दुर्घटना करने वाले ट्रक में आग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। लोगों ने ट्रक चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

घायल गायों को गोशाला भेजा गया

गोरक्षा दल के सदस्य गोपाल शर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर उनकी टीम मौके पर पहुंची। वहां छह गायों की मौत हो चुकी थी, जबकि चार गाय गंभीर रूप से घायल थीं। घायल गायों को उपचार के लिए गोशाला भेजा गया, जबकि मृत गायों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय भेजा गया।

गोपाल शर्मा ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक तेज रफ्तार से वाहन चला रहा था और उन्हें आशंका है कि वह नशे की हालत में भी हो सकता है। उन्होंने चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ट्रक में लगाई आग

हादसे से नाराज लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक पूरी तरह आग की चपेट में आ गया। पुलिस और फायर ब्रिगेड ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और हालात को नियंत्रण में किया।

चालक हिरासत में, जांच जारी

ओल्ड थाना प्रभारी विष्णु ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क किनारे बैठी गाय दिखाई नहीं दीं, जिससे हादसा हुआ। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

उन्होंने कहा कि यदि जांच में चालक की लापरवाही, तेज रफ्तार या नशे में वाहन चलाने की पुष्टि होती है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।