September 8, 2026

फरीदाबाद में घर से चोरी के मामले में 2 आरोपी गिरफ्तार, 6.80 लाख रुपये बरामद

फरीदाबाद में घर चोरी के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 ने दो आरोपी गिरफ्तार किए

Faridabad/Alive News: घर से आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने दो आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन पर लेकर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 6.80 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में पल्ला थाना क्षेत्र की करीब 12 चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहीश (35) और शकील (50), दोनों निवासी जिला अलीगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 1 सितंबर को जेल से प्रोडक्शन पर लेकर गिरफ्तार किया था। चार दिन के पुलिस रिमांड के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सरस्वती कॉलोनी निवासी एक महिला ने थाना पल्ला में शिकायत दी थी कि वह 5 अगस्त 2026 को अमरनाथ यात्रा पर गई थी। 11 अगस्त को वापस लौटने पर उसे घर से आभूषण और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद चोरी होने का पता चला। शिकायत के आधार पर थाना पल्ला में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच सेक्टर-16 की टीम ने दोनों आरोपियों को जेल से प्रोडक्शन पर लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी आपस में दोस्त हैं और उन्होंने 8/9 अगस्त की रात सरस्वती कॉलोनी स्थित शिकायतकर्ता के घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।

पुलिस के अनुसार, आरोपी शकील से 3.30 लाख रुपये और रहीश से 3.50 लाख रुपये बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपी ऐसे मकानों को निशाना बनाते थे, जिन पर ताला लगा होता था। चोरी करने के बाद वे अलीगढ़ चले जाते थे। मामला शांत होने के बाद वापस फरीदाबाद आकर रैकी करते और दोबारा चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में थाना पल्ला क्षेत्र में करीब 12 चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। दोनों आरोपियों के खिलाफ अलीगढ़ में भी कई मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। चार दिन के पुलिस रिमांड के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।