Faridabad/Alive News: गाड़ी को साइड देने जैसे मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक युवक ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दो युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा सेक्टर-30 की टीम ने आरोपी जसवंत निवासी भारत कॉलोनी, फरीदाबाद को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, भारत कॉलोनी निवासी पीयूष ने शिकायत दी कि 12 नवंबर की रात करीब 9:20 बजे वह अपने चचेरे भाई प्रशांत, प्रिंस और तुषार के साथ स्विफ्ट कार से दिल्ली रेलवे स्टेशन जा रहा था। रास्ते में सामने से आ रही ब्रेजा गाड़ी को साइड देने के लिए लाइट (डिपर) देने पर चालक जसवंत भड़क गया और उसने अपनी गाड़ी आगे अड़ाकर उनका रास्ता रोक लिया।
कहासुनी बढ़ने पर आरोपी जसवंत ने गाली-गलौज करते हुए रिवाल्वर निकाल ली और जान से मारने की नीयत से चार राउंड फायर कर दिए। इस हमले में प्रशांत की छाती और प्रिंस की गर्दन में गोली लगी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना खेड़ीपुल में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच सेक्टर-30 ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त ब्रेजा गाड़ी, लाइसेंसी रिवाल्वर, 7 जिंदा कारतूस और 4 खाली खोल बरामद किए हैं।

