Prabhjot Kour/ Alive News
Faridabad: डायबिटीज यानी शुगर की बीमारी अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रह गई है। बदलती जीवनशैली, अनियमित खानपान और शारीरिक मेहनत की कमी के कारण युवा भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। लंबे समय तक शरीर में शुगर का स्तर बढ़ा रहने से आंखों, किडनी और दिल पर भी असर पड़ सकता है। चिंता की बात यह है कि कई लोगों को शुरुआत में बीमारी के लक्षणों का पता तक नहीं चलता। ऐसे में समय पर जांच और खानपान में बदलाव करना जरूरी है। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एकॉर्ड अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनुभव के अनुसार, मोटापा, पारिवारिक इतिहास, तनाव और शारीरिक गतिविधियों की कमी डायबिटीज का खतरा बढ़ाने वाले प्रमुख कारण हैं।
शरीर में इंसुलिन का सही काम करना जरूरी
डॉ. अनुभव ने बताया कि शरीर में इंसुलिन की कमी होने या इंसुलिन के सही तरीके से काम नहीं करने पर ब्लड शुगर का स्तर बढ़ने लगता है। अधिक मीठा, कैलोरी वाला भोजन, जंक फूड और शारीरिक मेहनत की कमी भी इस खतरे को बढ़ा सकती है। अब युवाओं में भी ऐसी जीवनशैली देखने को मिल रही है, जिससे डायबिटीज होने की आशंका बढ़ जाती है।
बार-बार प्यास लगना और थकान को न करें नजरअंदाज
डॉक्टर के अनुसार, बार-बार प्यास लगना, पेशाब आना, लगातार थकान महसूस होना और बिना किसी कारण वजन कम होना डायबिटीज के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। कई बार लोग इन परेशानियों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर ब्लड शुगर की जांच करानी चाहिए और डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
रोजाना 30 मिनट पैदल चलना फायदेमंद
डायबिटीज के खतरे को कम करने के लिए रोजाना कम से कम 30 मिनट पैदल चलना या व्यायाम करना चाहिए। खाने में हरी सब्जियां, साबुत अनाज और फाइबर वाली चीजें शामिल करनी चाहिए। मीठे पेय पदार्थ, जंक फूड और तली-भुनी चीजों का सेवन सीमित रखना चाहिए। संतुलित खानपान और नियमित शारीरिक गतिविधियों से डायबिटीज के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है।

