July 20, 2026

5 हजार का इनामी गिरफ्तार, 25 से 30 चोरी की मोटरसाइकिल खरीदने का खुलासा

5 हजार के इनामी आरोपी को गिरफ्तार करती फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच AVTS सिकरोना टीम ने 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना कोतवाली में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर 17 जुलाई को नूंह जिले के पुन्हाना क्षेत्र के एक गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह 25 से 30 चोरी की मोटरसाइकिलें खरीद चुका है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि वर्ष 2024 में थाना कोतवाली में दर्ज एक मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी ने चोरी की बाइक 5 हजार रुपये में इस आरोपी को बेच दी थी। उसी मामले में यह आरोपी वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

फरीदाबाद पुलिस अब आरोपी से जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।