Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की क्राइम ब्रांच बॉर्डर ने अवैध हथियार रखने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान संजय एन्क्लेव पार्ट-2 निवासी निखिल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देसी कट्टा बरामद किया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 11 नवंबर को क्राइम ब्रांच बॉर्डर की टीम को सूचना मिली थी कि निखिल के पास अवैध हथियार है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे बाईपास पर सेक्टर-37 के पास से गिरफ्तार कर लिया।
जांच में सामने आया कि आरोपी देसी कट्टा उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से 4,000 रुपये में खरीदकर लाया था। उसने इसे हवाबाजी के लिए रखने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी नशे का आदी है और उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
आरोपी के खिलाफ थाना सराय ख्वाजा में शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

