Faridabad/Alive News: फरीदाबाद। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण-2025 में फरीदाबाद ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इस बार शहर ने देशभर में 19वां स्थान पाया है, जबकि पिछले साल यह 34वें स्थान पर था।
महापौर प्रवीण जोशी ने इस सफलता के लिए शहरवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि नागरिकों की सक्रिय भागीदारी, अधिक पौधारोपण, और प्रशासन व समाज के संयुक्त प्रयासों से संभव हुई है। महापौर ने भरोसा जताया कि अगर लोग इसी तरह सहयोग करते रहे तो फरीदाबाद देश का सबसे स्वच्छ और सुंदर शहर बन सकता है।
निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने भी अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि प्रदूषण कम करने के लिए एंटी-स्मॉग गन अभियान, पौधारोपण, सफाई और जागरूकता कार्यक्रम चलाए गए। इसके अलावा, सड़कों और पौधों पर पानी का छिड़काव, सीएंडडी वेस्ट हटाना और जगह-जगह पौधों के गमले रखना जैसे कार्य किए गए।
निगम आयुक्त ने कहा कि भविष्य में और बेहतर रैंक लाने के लिए नगर निगम पूरी मेहनत करेगा। उन्होंने हर नागरिक से अपील की कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें, ताकि फरीदाबाद को प्रदूषण मुक्त और हरा-भरा बनाया जा सके।

