Faridabad/Alive News: हरियाणा सरकार की पहल पर 21 से 31 अक्टूबर तक मनाए जा रहे ‘पुलिस शहीदी दिवस पखवाड़े’ के अंतर्गत फरीदाबाद पुलिस द्वारा जिलेभर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में आज 23 अक्टूबर के दिन फरीदाबाद पुलिस ने जिले के सभी थानों, चौकियों, पुलिस लाइन और कार्यालय परिसरों में एक व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया। इस अनूठी पहल के जरिए कर्तव्यपालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिस के वीर शहीदों को नमन किया गया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर सेक्टर-21सी में संयुक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र कुमार मीणा (आईपीएस) और पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक (आईपीएस) ने पौधे लगाकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं, पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल (आईपीएस) ने थाना शहर बल्लभगढ़ परिसर में पौधा लगाया। जिले के अन्य सभी पुलिस थानों और चौकियों में भी पुलिसकर्मियों ने पौधारोपण किया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा के लिए जान न्योछावर करने वाले जवानों के आदर्शों पर चलना और पर्यावरण को हरा-भरा रखना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

