March 7, 2026

फरीदाबाद पुलिस की नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार, 2 किलो से अधिक गांजा बरामद

Faridabad/Alive News: पुलिस ने अवैध नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कुल 2.080 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के निर्देश पर 20 जनवरी 2026 को फरीदाबाद की विभिन्न अपराध शाखाओं की टीमों ने यह कार्रवाई की।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अपराध शाखा ऊंचा गांव की टीम ने तिगांव कॉलेज के पास से नारायण नामक आरोपी को 260 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी मध्यप्रदेश के दमुई जिले का रहने वाला है और फिलहाल तिगांव में रह रहा था।

वहीं, अपराध शाखा बॉर्डर की टीम ने ईस्माइलपुर चौक से आलिया (काल्पनिक नाम) को 1400 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।

इसके अलावा, अपराध शाखा AVTS की टीम ने शनि देव कॉलोनी, सेक्टर-58 से अभिषेक राय को 420 ग्राम गांजा सहित पकड़ा। आरोपी मूल रूप से हाथरस जिले का निवासी है और वर्तमान में कुरैशीपुर, फरीदाबाद में रह रहा था।

तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।