March 7, 2026

फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 5 आरोपी गिरफ्तार, 5 देसी कट्टे बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 5 देसी कट्टे बरामद किए हैं। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच की विभिन्न टीमों द्वारा की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्राइम ब्रांच बॉर्डर टीम ने फतेहपुर चंदीला निवासी भोला को सेक्टर-21A फरीदाबाद से एक देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया। वहीं क्राइम ब्रांच डीएलएफ टीम ने गांव नामन गजादर, जिला फिरोजाबाद निवासी सोनू को, जो वर्तमान में सेक्टर-22 गुरुग्राम में रह रहा था, ओल्ड फरीदाबाद के प्रेमनगर झुग्गी बाईपास रोड के पास से देसी कट्टे सहित पकड़ा।

इसके अलावा क्राइम ब्रांच एनआईटी टीम ने गांव चांदपर्सा, जिला पूर्वी चंपारण (बिहार) निवासी प्रिंस को, जो एसजीएम नगर में रह रहा था, सेक्टर-21D फरीदाबाद से देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया।

क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव टीम ने गांव तंदवाई, जिला अकबरपुर फैजाबाद (उत्तर प्रदेश) निवासी राजू को, जो वर्तमान में बालाजी कॉलोनी, गांव कनेरा, बल्लभगढ़ में रह रहा था, बाईपास रोड सेक्टर-2 हुड्डा मार्केट बल्लभगढ़ से देसी कट्टे सहित गिरफ्तार किया। वहीं एक अन्य मामले में गांव विधूंतरियाटा, जिला सिवान (बिहार) निवासी अनित को, जो गांव कनेरा फरीदाबाद में रह रहा था, तिगांव पुल बाईपास रोड के पास से देसी कट्टे के साथ पकड़ा गया।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।