Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 3 किलो 360 ग्राम गांजा बरामद किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस उपायुक्त अपराध मुकेश कुमार के निर्देशन में अपराध शाखा की टीमों द्वारा यह कार्रवाई की गई। अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अंकित कुमार (27), निवासी गांव रदोई, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश) को नीमका रोड तिगांव से 1 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया।
इसी तरह एक अन्य मामले में अपराध शाखा सेंट्रल की टीम ने सौरभ (23), निवासी गांव रदोई, जिला मथुरा को केएलजे सोसायटी, बीपीटीपी के पास से 1 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा।
वहीं अपराध शाखा सेक्टर-85 की टीम ने जगदीश (40), निवासी कोसी कला, जिला मथुरा (उत्तर प्रदेश), हाल बल्लभगढ़ को खेड़ीपुल श्मशान घाट के पास से 460 ग्राम गांजा सहित गिरफ्तार किया।
तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों अंकित और सौरभ को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि जगदीश के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

