August 22, 2026

फरीदाबाद में गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों पर पथराव, 3 आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद में पुलिसकर्मियों पर पथराव मामले में गिरफ्तार आरोपी

Faridabad/Alive News: टाउन नंबर-1 मार्केट में रात की गश्त के दौरान पुलिसकर्मियों से गाली-गलौच, पथराव कर चोट पहुंचाने और सरकारी काम में बाधा डालने के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लोकेश, निखिल और पवन कुमार, निवासी रामनगर, फरीदाबाद के रूप में हुई है। तीनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 20/21 अगस्त की रात करीब 12:30 बजे एसपीओ राजकुमार अपने साथी पुलिसकर्मी के साथ ईआरवी राइडर ड्यूटी पर थे। गश्त के दौरान मेन मार्केट टाउन नंबर-1 में दिल्ली जूस कॉर्नर के पास 3-4 युवक आपस में झगड़ते हुए दिखाई दिए। पुलिसकर्मियों ने उन्हें समझाकर रात के समय झगड़ा नहीं करने और अपने-अपने घर जाने के लिए कहा।

पुलिस के मुताबिक, युवकों ने बात मानने के बजाय पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सड़क पर पड़े पत्थर उठाकर पुलिसकर्मियों पर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव के दौरान एसपीओ राजकुमार के सिर में चोट लग गई।

घटना की शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लोकेश, निखिल और पवन कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपी शराब के नशे में थे और किसी बात को लेकर आपस में बहस कर रहे थे। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी कथित तौर पर आवेश में आ गए और पत्थरबाजी शुरू कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।