November 3, 2026

फरीदाबाद: बल्लभगढ़ जोन में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात, 18 प्रमुख स्थानों पर नाकाबंदी और गश्त तेज

Faridabad/Alive News: आगामी धनतेरस, दीपावली, विश्वकर्मा पूजा, गोवर्धन पूजा एवं भाई दूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न करवाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस उपायुक्त बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल के निर्देशानुसार पूरे बल्लभगढ़ जोन के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बल्लभगढ़ शहर, आदर्श नगर, सदर बल्लभगढ़, तिगांव एवं छायंसा सहित विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीमें दो शिफ्टों में ड्यूटी करेंगी। अंबेडकर चौक, बस स्टैंड, चावला कॉलोनी, अग्रसेन चौक, डीलर चौक, मलेरना रोड, सब्जी मंडी, चंदावली पुल, जाट चौक बाईपास एवं आईएमटी चौक समेत 18 प्रमुख स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों और संदिग्धों की सघन जांच की जा रही है।​

आपातकालीन सहायता के लिए 13 ईआरवी प्वाइंट्स सहित पीसीआर, राइडर और हाईवे पेट्रोलिंग टीमों को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। इसके अलावा ज्वैलरी शोरूम, होटल, धर्मशालाओं एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की चेकिंग की जा रही है। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी और महिला पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।​

प्रतीक अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के दौरान आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहार भाईचारे के साथ मनाएं, भीड़भाड़ में कीमती सामान का ध्यान रखें, वाहनों को निर्धारित पार्किंग में ही खड़ा करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।