Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने ऑपरेशन हॉटस्पॉट डोमिनेशन के तहत एक दिन में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध नशा, शराब और जुआ/सट्टे के खिलाफ अभियान चलाया। 12 दिसंबर को पुलिस ने 51 संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 8 अलग-अलग मामले दर्ज किए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, यह अभियान पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह के निर्देश पर 1 दिसंबर से पूरे हरियाणा में चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 देसी कट्टे, 2 कारतूस, 55 बोतल अवैध शराब और जुआ/सट्टे की 2260 रुपये की नकदी बरामद की।
अवैध हथियार रखने के मामले में अनवर (निवासी मोहरखा पट्टी, जिला अमरोहा, उत्तर प्रदेश) को 1 देसी कट्टा और 2 कारतूस सहित तथा रवि (निवासी जवापुर, जिला इटावा, उत्तर प्रदेश) को 1 देसी कट्टा सहित गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा सुभाष (रामनगर कॉलोनी, फरीदाबाद) और कमल भड़ाना को अवैध हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में पकड़ा गया है।
अवैध शराब बेचने के मामलों में मनोज कुमार (इंद्रप्रस्थ कॉलोनी) को 13 बोतल शराब, करण कुमार (संजय कॉलोनी) को 60 पव्वा देशी शराब, अमर सिंह (कृष्णा कॉलोनी) को 55 पव्वा और अरुण (बाटा टाउन नंबर-2) को 52 पव्वा देशी शराब सहित गिरफ्तार किया गया।
जुआ और सट्टे के मामलों में प्रदीप (नंगला एन्क्लेव पार्ट-2) को 1050 रुपये तथा विजय कुमार और सलीम को जुआ खेलते हुए1210 रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान के दौरान फरीदाबाद पुलिस सामाजिक और मानवीय कार्य भी कर रही है। 12 दिसंबर को विभिन्न थाना क्षेत्रों में जरूरतमंद लोगों को 45 कंबल वितरित किए गए।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि हरियाणा पुलिस हमेशा सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

