March 7, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने पुलिसकर्मियों के लिए वित्तीय साक्षरता सेमिनार आयोजित किया

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अपने कर्मचारियों को पैसे की सही योजना, बचत और निवेश की जानकारी देने के लिए 19 दिसंबर 2025 को सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक वित्तीय साक्षरता सेमिनार का आयोजन किया। इस सेमिनार का उद्देश्य पुलिसकर्मियों को अपनी आय और खर्च का बेहतर प्रबंधन सिखाना था।

सेमिनार में गुरुग्राम आयकर विभाग की जॉइंट कमिश्नर सुधा यादव और डिप्टी कमिश्नर सीमा चौधरी ने पुलिस कर्मचारियों को बचत और निवेश के महत्व के बारे में जानकारी दी। सुधा यादव ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी आमदनी और खर्च के बीच संतुलन बनाकर चलना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि आय का लगभग 50 प्रतिशत रोजमर्रा के खर्च, 40 प्रतिशत निवेश और 10 प्रतिशत आपात स्थिति के लिए बचाकर रखना एक अच्छी वित्तीय योजना हो सकती है।

डिप्टी कमिश्नर सीमा चौधरी ने बताया कि केवल पैसा बचाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे सही जगह निवेश करना भी जरूरी है। उन्होंने म्यूचुअल फंड, फिक्स्ड डिपॉजिट, पोस्ट ऑफिस योजनाएं, नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस), शेयर बाजार और गोल्ड निवेश जैसे विकल्पों की जानकारी दी, जो भविष्य को सुरक्षित बनाने में मददगार हैं।

इस सेमिनार में 100 से अधिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त (एनआईटी) मोनिका, सहायक पुलिस आयुक्त संजीव कुमार, आयकर निरीक्षक गगन मलिक, कुलबीर यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों के सवालों के जवाब भी दिए।

फरीदाबाद पुलिस का यह प्रयास पुलिस कर्मचारियों के वित्तीय ज्ञान को बढ़ाने और उनके भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।