March 7, 2026

स्वतंत्रता दिवस पर फरीदाबाद पुलिस अलर्ट, शहर में हो रही सख्त चेकिंग

Faridabad/Alive News: स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए फरीदाबाद पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है। शहर में संदिग्ध लोगों और वाहनों पर पैनी नजर रखी जा रही है।

पुलिस आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि पड़ोसी राज्यों और जिलों की पुलिस के साथ मिलकर सूचनाओं का आदान-प्रदान करें और अपने-अपने क्षेत्रों में कड़ी निगरानी रखें। इसके तहत किरायेदारों, घरेलू सहायकों, मेट्रो स्टेशन, बस स्टैंड, साइबर कैफे, होटल, ढाबे, धर्मशाला, पार्किंग स्थल और भीड़भाड़ वाले बाजारों में चेकिंग की जा रही है।

आईबी और सीआईडी कर्मचारियों की विशेष टीमें मॉल, सिनेमा हॉल, रेलवे स्टेशन, होटल, गेस्ट हाउस, ओयो और धर्मशालाओं की जांच कर रही हैं। सिम कार्ड बेचने वाले दुकानदारों और साइबर कैफे पर भी नज़र रखी जा रही है।

सभी थाना प्रबंधकों को अपने क्षेत्रों में नाकाबंदी करने और संदिग्ध वाहनों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। यातायात पुलिस भी सक्रिय रूप से चेकिंग कर रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। यदि कोई लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो उसे हाथ न लगाएं और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम (9999150000, 0129-2227200) या डायल 112 पर सूचना दें।

फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि वह नागरिकों की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए हमेशा तैयार है।