May 13, 2024

फरीदाबाद पुलिस महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयासरत -पुलिस आयुक्त

Faridabad/Alive News: दुर्गा शक्ति की टीम ने महिला सुरक्षा की दिशा में किया जा रहे प्रयासों को आगे बढ़ाते हुए रात्रि के समय अपने गंतव्य तक पहुंचने में असमर्थ 11 महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाकर कानून व्यवस्था व महिला सुरक्षा सुदृढ़ करने का सराहनीय कार्य किया है।

पुलिस प्रवक्ता सूबे सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि फरवरी माह में फरीदाबाद पुलिस की ईआरवी और दुर्गा शक्ति द्वारा महिला सुरक्षा के संबंध में सराहनीय कार्य किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य द्वारा महिला सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दुर्गा शक्ति तथा डायल 112 टीम को दिशा निर्देश दिए गए हैं कि यदि रात्रि के समय कोई भी महिला जिसे रात्रि के समय अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वाहन नहीं मिल रहा हो या किसी कारणवश वह परेशान हो रही है तो पुलिस टीम उसे सरकारी गाड़ी में बैठाकर सुरक्षित उसके गंतव्य तक पहुंचाकर आएगी। इसके लिए पुलिस की डायल 112 टीम सारी रात शहर में पेट्रोलिंग करती है ताकि कानून व्यवस्था तथा महिला सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। उक्त दिशा निर्देशों का पालन करते हुए पुलिस टीम ने इस संबंध में सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने बताया कि एक महिला बाटा मेट्रो स्टेशन पर खड़ी थी जिसे घर जाने के लिए काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था तो पुलिस टीम उसे जवाहर कॉलोनी में सुरक्षित उसके घर छोड़कर आई। एक महिला घर से झगड़ा करके रात 12:30 बजे जेसीबी चौक पर पहुंच गई थी जिसे पुलिस ने सिटी पार्क उसके घर पर छोड़ा था। एक लापता नामालूम महिला रात करीब 2:00 बजे बाटा फ्लाईओवर पर मिली थी जिसे पुलिस द्वारा बीके अस्पताल पहुंचाया गया था। एक महिला अपने पिता और दो छोटे बच्चों के साथ रात करीब 12:00 बजे अजरोंदा चौक पर मौजूद थी जिसे घर जाने के लिए वाहन नहीं मिल पा रहा था तो पुलिस ने उसे डबुआ कॉलोनी उसके घर पर छोड़ा। एक महिला नशे की हालत में रात 12:40 पर बीपीटी पर मिली जिसे उसके घर इंदिरा कॉलोनी छोड़ा गया। एक छोटा बच्चा बीमार अवस्था में अजरोंदा मेट्रो स्टेशन पर मिला था जिसे पुलिस टीम बीके अस्पताल ले गई और उसका इलाज करवाया। एक महिला सुबह करीब 4:00 बजे पुलिस चौकी के बाहर खड़ी थी जिसे उसके घर तक सुरक्षित पहुंचाया गया। 18 साल की नाम पता नामालूम लडकी पुलिस को मलेरणा रोड पर मिली थी जिसे सुभाष कॉलोनी सुरक्षित उसके घर छोड़ा गया। पुलिस टीम द्वारा महिला सुरक्षा के संबंध में प्रयास लगातार जारी रहेंगे और वह महिला विरुद्ध होने वाले अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार कार्य करती रहेगी।