Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस लगातार आम जनता और विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चला रही है। इसी क्रम में पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने स्टूडेंट पुलिस कैडेट (SPC) कार्यक्रम के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक विशेष कक्षा का आयोजन किया। इस सत्र में विद्यार्थियों को FIR दर्ज करने की प्रक्रिया और मनसा हेल्पलाइन नंबर 1933 के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि छात्रों को बताया गया कि प्रथम सूचना रिपोर्ट (FIR) क्या होती है, इसे दर्ज कराने की सही प्रक्रिया क्या है और अपराध की जानकारी पुलिस को किस तरह दी जानी चाहिए। उन्हें जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
इसके बाद नशा मुक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर उसके नकारात्मक प्रभावों के बारे में बताया गया। साथ ही, मनसा हेल्पलाइन 1933 और हरियाणा नारकोटिक्स हेल्पलाइन 90508-91508 की जानकारी दी गई ताकि किसी भी व्यक्ति को नशे से जुड़ी समस्या होने पर तुरंत सहायता मिल सके।
वक्ताओं ने कहा कि जब समाज का हर वर्ग, खासकर युवा और विद्यार्थी, पुलिस और प्रशासन के साथ मिलकर कदम बढ़ाएंगे, तभी फरीदाबाद को नशा मुक्त और अपराध मुक्त शहर बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों को संकल्प दिलाया गया कि वे कभी नशा नहीं करेंगे, दूसरों को भी इससे दूर रहने के लिए प्रेरित करेंगे और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देंगे।

