March 7, 2026

घने कोहरे को लेकर फरीदाबाद पुलिस ने की ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

Faridabad/Alive News: सर्दी के मौसम में लगातार बढ़ रहे घने कोहरे को देखते हुए फरीदाबाद पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने बताया कि कोहरे के दौरान सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में वाहन चालकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और यदि कोहरे की चेतावनी हो तो अनावश्यक यात्रा से बचें। अत्यंत आवश्यक होने पर ही वाहन लेकर बाहर निकलें और धीमी गति से सावधानीपूर्वक ड्राइव करें।

पुलिस ने सलाह दी है कि कोहरे में लो-बीम हेडलाइट और फॉग लाइट का प्रयोग करें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और मोबाइल फोन व तेज संगीत जैसी चीजों से ध्यान न भटकाएं। वाहन की लाइट, शीशे, वाइपर और डीफॉस्टर सही स्थिति में रखें ताकि दृश्यता बनी रहे।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि घना कोहरा होने पर सड़क पर बीच में वाहन न रोकें। यदि आगे बढ़ना संभव न हो तो सड़क से पूरी तरह हटकर किसी सुरक्षित स्थान पर वाहन खड़ा करें। अचानक गति बढ़ाने या ओवरटेक करने से बचें, क्योंकि इससे दुर्घटना हो सकती है।

फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि कोहरे के समय जारी की गई ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें। पुलिस ने कहा कि फरीदाबाद पुलिस सदैव सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए तत्पर है।