August 26, 2026

शहीदों की बदौलत ही हम ले रहे हैं खुली हवा में सांस : एसडीएम 

Faridabad/Alive News: शहीदों की चिताओ पर लगेंगे हर वर्ष मेले बस एक यही निशां बाकी रहेगा की बात को चरितार्थ करते हुए मंगलवार को जिला सैनिक एवं अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड द्वारा विजय दिवस के सुअवसर पर विजय दिवस समारोह का आयोजन किया गया। यह समारोह फरीदाबाद के वार मेमोरियल कॉम्प्लेक्स सेक्टर-12 में मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज उपस्थित रहे।
 बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज ने उपस्थित सैनिकों और वीरांगनाओं तथा सैनिकों के सभी परिवार जनों  को विजय दिवस की शुभकामनाएं और बधाई दी। उन्होंने वार मेमोरियल में शहीद स्मारक पर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर पुलिस की टुकड़ी द्वारा मातमी धुन के साथ राइफल झुका कर सलामी देने उपरान्त दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज ने कहा कि हमारे देश के जवान रात-दिन देश की सुरक्षा में सीमा पर खड़े हैं, इसी कारण हमारा देश सुरक्षित है और हम निश्चिंत होकर अपना जीवन व्यतीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने वीर जवानों पर गर्व है जो राष्ट्र सेवा में अपना सर्वोच्च बलिदान देने के लिए भी तैयार रहते हैं। 
उन्होंने बताया कि 16 दिसंबर 1971 को हमारे वीर सैनिकों ने पाकिस्तान की सेना को युद्ध में पराजित कर विजय प्राप्त की थी और बंगलादेश को पाकिस्तान से आज़ाद करवाया था, इसी कारण हर वर्ष 16 दिसंबर को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है। 

इस अवसर पर मेजर जनरल जीएन एसके दत्त वीएसएम, ब्रिगेडियर मुकेश चंद्रा, कर्नल देवेंद्र चौधरी, कर्नल गोपाल सिंह वीएसएम, कर्नल आशीष मसीह, मेजर आरके शर्मा, ग्रुप कैप्टन हरीश चौधरी, उदय सिंह सीपीओ, ऑनरी एलटी (आईएन), एन धर्म भारद्वाज पेटी ऑफिसर, ऑनरी कैप्टन जय चंद, सब सुंदर सिंह सौर्य चक्र, करतार नागर नाइक, धर्म सिंह डागर हवलदार और वीर नारिस – चंद्री, कृपाल कौर, सुनीता, लतलिता शर्मा, राम वती, उषा देवी, भगवान देवी, गीता तथा कल्याण अधिकारी जिला सैनिक अर्ध सैनिक कल्याण विभाग (जेडएसबी) कैप्टन (आईएन) रजनीश सिंह छावरी  अन्य स्टाफ सदस्य सब मेजर महावीर सिंह, डब्ल्यूओ उजेंद्र यादव, ज्ञानेंद्र सिंह, वीरपाल अधाना, दिनेश सिंह, राम शरण भी मौजूद रहे।