March 8, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने विद्यार्थियों को दिया राष्ट्रीय एकता और नशामुक्त समाज का संदेश

Faridabad/Alive News: सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में फरीदाबाद पुलिस ने शहर के विभिन्न स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता का महत्व बताया और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

पुलिस आयुक्त सतेन्द्र कुमार गुप्ता ने अपने कार्यालय से “नशे के विरुद्ध जन जागरण अभियान” को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह अभियान विद्यार्थियों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और समाज में एकता और जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाया गया।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस महानिदेशक ओ.पी. सिंह, आईपीएस के निर्देश पर फरीदाबाद पुलिस के 31 थानों की टीमों ने अलग-अलग स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।

विद्यार्थियों को बताया गया कि “अनेकता में एकता” भारत की असली पहचान है। हमारा देश भले ही विभिन्न धर्मों, भाषाओं और संस्कृतियों वाला हो, लेकिन एकता ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। सभी को धर्म, भाषा और जाति से ऊपर उठकर यह सोचना चाहिए कि हम सबसे पहले भारतीय हैं। जब देश एक साथ खड़ा होता है, तो कोई भी शक्ति उसे कमजोर नहीं कर सकती।

पुलिस आयुक्त ने कहा कि एकजुट भारत ही मजबूत भारत है और नशामुक्त समाज के निर्माण से ही देश की एकता और प्रगति संभव है।