October 30, 2026

फरीदाबाद पुलिस: उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले 4 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को दी गई भावभीनी विदाई

फरीदाबाद पुलिस आयुक्त कार्यालय में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को सम्मानित करते एसीपी मुख्यालय वरुण दहिया व अन्य अधिकारी।

Faridabad/Alive News: पुलिस विभाग में वर्षों तक ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण के साथ सेवाएं देने वाले फरीदाबाद पुलिस परिवार के 4 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बुधवार को भावभीनी विदाई दी गई। सेक्टर-21सी स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों को स्मृति-चिह्न, उपहार एवं शुभकामनाएँ भेंट कर सम्मानित किया गया।

सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में इंस्पेक्टर जयपाल, इंस्पेक्टर देवदत, ईएसआई सुरेंद्र कुमार और ईएचसी महिपाल शामिल हैं। इन सभी ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आमजन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

समारोह में सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय वरुण दहिया ने कहा कि पुलिस विभाग केवल नौकरी नहीं, बल्कि एक परिवार है। सेवानिवृत्त कर्मियों का अनुभव और समर्पण नई पीढ़ी के पुलिसकर्मियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा। विदाई समारोह का माहौल सम्मान और गौरव के साथ-साथ कुछ भावुक क्षणों से भी भरा रहा।