Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण के साथ-साथ आमजन को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से निरंतर जनजागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सामुदायिक पुलिसिंग सेल, फरीदाबाद तथा पुलिस चौकी सेक्टर-15 की ओर से आर्य समाज, सेक्टर-15 फरीदाबाद में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस चौकी इंचार्ज सेक्टर-15 के उपनिरीक्षक ओमप्रकाश मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बाल विवाह समाज की गंभीर कुप्रथा, बच्चियों को सिखाया ‘गुड टच-बैड टच’
पुलिस प्रवक्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों तथा बाल विवाह निषेध अधिनियम के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने उपस्थित बच्चियों और आमजन को जागरूक करते हुए कहा कि बाल विवाह समाज की एक गंभीर कुप्रथा है, जो बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास को पूरी तरह प्रभावित करती है। यह उनके अधिकारों और उज्ज्वल भविष्य में बड़ी बाधा है।
निरीक्षक सुनीता ने आगे बताया कि बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराइयाँ ही आगे चलकर महिलाओं के प्रति होने वाले अत्याचारों को बढ़ावा देती हैं। इसलिए प्रत्येक नागरिक का यह दायित्व है कि वह इससे संबंधित कानूनों की जानकारी रखे। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित छोटी बच्चियों को “गुड टच एवं बैड टच” के बारे में भी विस्तार से समझाया और उन्हें अपनी सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
अज्ञात लिंक और कॉल से रहें सावधान, साइबर ठगी पर 1930 पर करें कॉल
इस अवसर पर पुलिस चौकी इंचार्ज सेक्टर-15 के उपनिरीक्षक ओमप्रकाश ने उपस्थित लोगों को वर्तमान में बढ़ रहे साइबर अपराधों के प्रति सचेत किया। उन्होंने बताया कि आजकल साइबर ठग नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। इससे बचने के लिए किसी भी अज्ञात लिंक, कॉल, ओटीपी (OTP) अथवा बैंक से जुड़ी जानकारी को कभी भी किसी के साथ साझा न करें। यदि कोई साइबर अपराध का शिकार हो जाता है, तो उसे तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए।
‘MANAS ऐप’ और आपातकालीन नंबरों की दी गई जानकारी
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नागरिकों को आपातकालीन सहायता के लिए जारी विभिन्न हेल्पलाइन नंबर
आपातकालीन सहायता: डायल-112
बाल सुरक्षा हेल्पलाइन: 1098
साइबर अपराध हेल्पलाइन: 1930
हाइवे पैट्रोलिंग: 1033
इसके साथ ही, नशा तस्करी एवं नशीले पदार्थों से संबंधित गुप्त सूचनाएं पुलिस तक पहुंचाने के लिए सरकार द्वारा जारी “MANAS ऐप” के बारे में भी लोगों को विस्तार से अवगत कराया गया। फरीदाबाद पुलिस के इस विशेष अभियान के माध्यम से लगभग 600 लोगों को विभिन्न गंभीर विषयों पर जागरूक किया गया।

