Faridabad/Alive News: विश्व तंबाकू निषेध सप्ताह के समापन पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा सेक्टर-12 स्थित रेडक्रॉस भवन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार सुशील राठी ने युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ स्वास्थ्य, परिवार और समाज पर बुरा प्रभाव डालते हैं। युवाओं को शिक्षा, खेल और सामाजिक गतिविधियों में भाग लेकर सकारात्मक जीवन जीना चाहिए।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी के उपाधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने कहा कि तंबाकू और नशा कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों और मानसिक समस्याओं का प्रमुख कारण है। वहीं नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धर्मेंद्र कसाना ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सभी की भागीदारी पर जोर दिया।
बीके अस्पताल के मानसिक स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन, नशा मुक्ति उपचार और काउंसलिंग संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई और समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया गया।

