October 3, 2026

फरीदाबाद पुलिस की महिला ASI कमलेश की बेटी अदिति ने जीता बॉक्सिंग में स्वर्ण पदक

बॉक्सिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाली अदिति

Faridabad/Alive News: कैथल में 16 से 18 सितंबर 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में फरीदाबाद पुलिस में तैनात महिला एएसआई कमलेश की बेटी अदिति ने अंडर-19 वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया है। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर अदिति का राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी चयन हुआ है।

अदिति की मां महिला एएसआई कमलेश वर्तमान में थाना सेक्टर-8, फरीदाबाद में तैनात हैं। बेटी की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ फरीदाबाद पुलिस में भी खुशी का माहौल है।

राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अदिति ने अपने खेल कौशल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। उनकी सफलता के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण को अहम माना जा रहा है।

राज्य स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने के बाद राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन अदिति की खेल यात्रा की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी इस सफलता को युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है। अदिति अब राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।