Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों की बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। थाना एनआईटी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर एनआईटी क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी जितिन भाटिया को उसके घर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से करीब 152.55 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं, जिन्हें प्लास्टिक के कट्टों में छिपाकर रखा गया था।
बरामद किए गए पटाखों में रॉकेट बम, सुतली बम, मुर्गा पटाखे, अनार, फुलझड़ी और आकाश में छोड़ी जाने वाली आतिशबाजी शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपी पटाखों के भंडारण या बिक्री से संबंधित कोई भी वैध लाइसेंस या परमिट पेश नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनआईटी थाने में मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरीदाबाद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में गैरकानूनी गतिविधियों को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

