March 7, 2026

फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई – 24 साइबर ठग गिरफ्तार, 14.55 लाख रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराध पर सख्त कार्रवाई करते हुए इस हफ्ते 24 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 14,55,000 रुपये की रकम बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (साइबर) अभिषेक जोरवाल के नेतृत्व में साइबर थानों की टीमों ने 4 से 10 अक्टूबर के बीच यह कार्रवाई की। इस दौरान 6 मामलों का निस्तारण किया गया और 356 शिकायतों का समाधान करते हुए 2,71,848 रुपये पीड़ितों को वापस कराए गए। साथ ही 30,06,629 रुपये साइबर अपराधियों के खातों में फ्रीज कराए गए।

गिरफ्तार आरोपियों में देवांशू मीणा, वंश, शशिकांत कुमार, नैतिक, कमलेश, तोशिफ, सूरज गोस्वामी, अतिंद्रपाल, राजकमल, हितेंद्र, माईकल, फ्रांसिस एमेका, रम्भा बसूमतरी, संदीप, बहादुर, दल सिंह, जतिन, पूर्ण, उपेंद्र, दिलीप शिवाजी, दीपक, अजय, गौरव और विवेक शामिल हैं।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि ठगी के अधिकतर मामलों में लोग जागरूक न होने के कारण निशाना बन जाते हैं। आजकल साइबर ठग क्रेडिट कार्ड, बीमा पॉलिसी, बिजली या पानी के बिल और निवेश में अधिक मुनाफे के लालच के जरिए लोगों को धोखा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक या कॉल पर भरोसा न करें और अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

फरीदाबाद पुलिस की अपील:
अगर आप साइबर ठगी का शिकार होते हैं तो तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करें या वेबसाइट www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।