June 6, 2026

फरीदाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक हफ्ते में 17 साइबर ठग गिरफ्तार, 32 लाख से ज्यादा कैश बरामद

साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करें: फरीदाबाद पुलिस

फरीदाबाद पुलिस के तीनों साइबर थानों की टीम ने 23 से 29 मई के बीच 17 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर 32,16,583 की भारी-भरकम राशि बरामद करने में बड़ी सफलता हासिल की है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, फरीदाबाद पुलिस की साइबर थानों की टीम ने 7 अलग-अलग मुकदमों में कार्रवाई करते हुए इन 17 साइबर अपराधियों को दबोचा है। इसमें साइबर थाना एनआईटी के 2, सेंट्रल के 4 और बल्लभगढ़ का 1 मामला शामिल है। इस कार्रवाई के दौरान जहां 32,16,583 की नगदी बरामद की गई है, वहीं दूसरी ओर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुल 314 शिकायतों का तुरंत निस्तारण किया और ठगी के 24,04,029 रुपये पीड़ितों के खातों में ही होल्ड (फ्रीज) करवा दिए। साइबर थानों की टीम द्वारा यह पूरी कार्रवाई 23 से 29 मई के बीच महज एक सप्ताह के दौरान की गई है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान राघव गांधी, आबिद, मोहम्मद नईम, सचिन कुमार, सूरज गुप्ता, मोहम्मद शाद जफर अली, अंशुमान सिंह, मोहम्मद नोमान, अमर सिंह, उमेद सिंह, रणजीत सिंह, प्रभात कुमार, अभिषेक राणा, प्रशांत, सरबजीत सिंह, तरुणधीर और एक महिला आरोपी के रूप में हुई है। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर नेटवर्क के अन्य गुर्गों का पता लगाने में जुटी है।