September 11, 2026

फरीदाबाद पुलिस अधिकारियों को AI के इस्तेमाल की दी जानकारी

फरीदाबाद पुलिस अधिकारियों के लिए आयोजित AI कार्यशाला में प्रशिक्षण लेते अधिकारी और कर्मचारी

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस आयुक्त कार्यालय सेक्टर-21C में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें AI के फायदे, सीमाएं, सुरक्षा और पुलिस कार्य में इसके प्रभावी इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई।

कार्यशाला में डीसीपी क्राइम राजेश कुमार मोहन, एसीपी मुख्यालय वरुण कुमार, विभिन्न क्राइम ब्रांच के प्रभारी, साइबर थाना एवं साइबर सेल के प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

कार्यशाला में बताया गया कि AI और Generative AI किस तरह काम करते हैं और इनके टूल्स का सुरक्षित तरीके से उपयोग कैसे किया जा सकता है। अधिकारियों को यह भी बताया गया कि AI की मदद से कम समय में कई कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकते हैं।

साथ ही AI के इस्तेमाल में गोपनीयता, डेटा सुरक्षा, गलत जानकारी और तकनीक के दुरुपयोग से जुड़े जोखिमों के प्रति सावधानी बरतने पर जोर दिया गया। कार्यशाला का संचालन Garage Labs Technology के फाउंडर सुमित कुमार सिंह ने किया। उन्होंने AI Fundamentals, Prompt Engineering, ChatGPT, Claude, Connectors, Plugins और Integrations के साथ-साथ पुलिसिंग एवं प्रशासनिक कार्यों में AI के व्यावहारिक इस्तेमाल की जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को AI टूल्स का व्यावहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि आधुनिक तकनीक और AI का जिम्मेदारीपूर्वक इस्तेमाल कर पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, स्मार्ट और जनहितकारी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।