Faridabad/Alive News: थाना शहर बल्लभगढ़ क्षेत्र से लापता हुई 13 वर्षीय नाबालिग लड़की को पुलिस ने पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस चौकी चावला कॉलोनी की टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार प्रयासों के बाद 9 सितंबर को लड़की को बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, लड़की 2 सितंबर को घर से बिना बताए चली गई थी। परिजनों की शिकायत पर 3 सितंबर को थाना शहर बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की गई।
चौकी प्रभारी एसआई जसवीर सिंह के नेतृत्व में एएसआई विजय कुमार की टीम ने उपलब्ध सुरागों और तकनीकी जानकारी का विश्लेषण करते हुए लड़की का पता लगाया और उसे पश्चिम बंगाल से सुरक्षित बरामद किया।
इसके बाद लीगल एड के माध्यम से नाबालिग के बयान दर्ज कराए गए और नियमानुसार कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। बेटी के सुरक्षित मिलने पर परिजनों ने फरीदाबाद पुलिस का आभार जताया।

