March 7, 2026

फरीदाबाद पुलिस की बड़ी सफलता, 5-5 हजार रुपये के दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5-5 हजार रुपये के इनामी दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के निर्देश पर अपराध पर नियंत्रण और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए की गई।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी संदीप, निवासी नवादा फरीदाबाद, को गिरफ्तार किया है। आरोपी 1 नवंबर 2024 को गांव निमका क्षेत्र में खेत में पानी की नाली बनाने को लेकर हुई कहासुनी के दौरान फावड़ा मारकर की गई हत्या के मामले में फरार था। घटना के बाद से वह पुलिस की पकड़ से बाहर था। उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने उसे तिगांव से गिरफ्तार किया है। आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है।

वहीं क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने फायरिंग कर हत्या के प्रयास और लूट के मामले में करीब डेढ़ साल से फरार आरोपी शुशांक उर्फ किट्टू, निवासी गोरिल्ला मोहल्ला पलवल, को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ 7 जून 2024 को थाना भूपानी क्षेत्र में फायरिंग कर हत्या के प्रयास और पैसे छीनने का मामला दर्ज किया गया था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता के साथ रॉड से मारपीट की थी और लूट के पैसों में हिस्सा लिया था। आरोपी की गिरफ्तारी पर भी 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसे क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की टीम ने नोएडा से गिरफ्तार किया है। आरोपी का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी बताया जा रहा है।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।